कलेक्टर-एसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के आदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. और पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई की संयुक्त अध्यक्षता में वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिले के सभी उपखंडों से जुड़े प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा, यातायात, बिजली, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि विभिन्न क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ा दी गई है तथा जुलूस मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। झूलते विद्युत तारों को दुरुस्त करने सहित अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला ने बताया कि आपदा एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा दलों की तैनाती संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को संचार व्यवस्था मजबूत रखने और प्रत्येक गतिविधि पर सतत नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलेक्टर ने अवैध खनन के मामलों पर भी सख्ती दिखाते हुए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करेगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!