बरसात में बदहाल मोक्षधाम: टपकते टीनशेड के बीच हो रहे अंतिम संस्कार, स्थायी छत निर्माण की उठी मांग नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन, जर्जर शेड हटाकर आरसीसी छत या ऊंचा टीनशेड लगाने की मांग
सलूम्बर। शहर के सूरजपोल के बाहर स्थित मुख्य मोक्षधाम में बरसात के दौरान अंतिम संस्कार करना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। शवदाह स्थल पर वर्षों पहले लगाया गया टीनशेड अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है। जगह-जगह बने बड़े छेदों से बारिश का पानी सीधे चिता स्थल और वहां मौजूद लोगों पर गिरता है, जिससे शोकाकुल परिवारों को अंतिम विदाई के समय भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मानसून के आगमन के साथ समस्या और गंभीर हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में भी शेड बेअसर साबित होता है और अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया प्रभावित होती है। नागरिकों का मानना है कि मोक्षधाम जैसी संवेदनशील जगह पर पर्याप्त और सुरक्षित व्यवस्था होना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इसी मांग को लेकर मंगलवार को शहर के गणमान्य नागरिकों ने नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्तमान जर्जर टीनशेड को हटाकर उसकी जगह अधिक ऊंचाई पर नया शेड लगाने अथवा स्थायी समाधान के रूप में आरसीसी की पक्की छत का निर्माण कराने की मांग की गई, ताकि वर्षभर किसी भी मौसम में अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके।
अधिवक्ता राम भरोसे पुरोहित ने कहा कि अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील प्रक्रिया के दौरान लोगों को बारिश और अव्यवस्थाओं से जूझना पड़ रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने नगर परिषद से इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की।
ज्ञापन पर राम भरोसे पुरोहित, मुकेश मंत्री, विष्णु सोनी, रमेश लोहार, प्रहलाद पटेल एवं रमेशचंद खटीक सहित कई नागरिकों के हस्ताक्षर रहे। लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।