समान नागरिक संहिता पर जनता की राय लेगी सरकार, 13-14 जुलाई को जिला मुख्यालय पर होगी जनसुनवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 1 जुलाई। प्रदेश में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर सरकार ने जनभागीदारी की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके तहत सलूंबर जिले में भी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों सहित विभिन्न वर्गों की राय लेने के लिए विशेष जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अपने सुझाव देने की अपील की है ताकि नीति निर्माण में जनमत को उचित स्थान मिल सके।
जिला प्रशासन के अनुसार इच्छुक नागरिक 10 जुलाई 2026 तक अपने सुझाव लिखित रूप में समिति को सौंप सकते हैं। इसके अतिरिक्त 13 और 14 जुलाई को जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में भी सीधे अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों दिन प्रातः 10 बजे से धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के सुझाव लिए जाएंगे। दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक भोजनावकाश रहेगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से आम नागरिकों की खुली जनसुनवाई होगी, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपनी बात समिति के समक्ष रख सकेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समान नागरिक संहिता जैसे व्यापक सामाजिक महत्व के विषय पर प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अहम है। इसलिए लोग अपने सुझाव निर्धारित अवधि में लिखित रूप से उपलब्ध कराने के साथ-साथ यूसीसी समिति के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन का मानना है कि व्यापक जनभागीदारी से तैयार होने वाली सिफारिशें अधिक संतुलित और प्रभावी साबित होंगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!