झल्लारा/सलूंबर। सहकारिता सप्ताह (29 जून से 6 जुलाई 2026) के अंतर्गत झल्लारा एवं भबराना की वृहत कृषि बहुउद्देशीय सहकारी समितियों की वार्षिक आम सभाएं आयोजित की गईं।
समितियों के अध्यक्षों की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों में बड़ी संख्या में समिति सदस्यों, किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत समिति व्यवस्थापकों द्वारा अतिथियों एवं सदस्यों के स्वागत-अभिनंदन के साथ हुई। इसके बाद सहकारिता सप्ताह के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए किसानों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में सहकारी समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में समितियों की वर्तमान आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अब तक की उपलब्धियों से सदस्यों को अवगत कराया गया।
आम सभा के दौरान समितियों के ऑडिट प्रतिवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई। ऑडिट के दौरान प्राप्त आपत्तियों एवं लंबित बिंदुओं के शीघ्र निस्तारण का निर्णय लेते हुए पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आय-व्यय विवरण एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी भी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की गई।
बैठक में किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद, उन्नत बीज, फसल ऋण, उर्वरक वितरण तथा सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया गया। खुले सत्र में किसानों एवं सदस्यों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर समिति प्रबंधन ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही समिति के दीर्घकालिक विकास, सदस्य हितों की वृद्धि, व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार तथा किसानों को आधुनिक एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भावी कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा की गई।
झल्लारा में आयोजित आम सभा में गोविंद सिंह, देवाराम जोशी, नाथू सिंह, वालजी भाई, नारायण लाल, खेमराज, ईश्वर चौबीसा सहित अनेक सदस्य एवं किसान उपस्थित रहे।
भबराना में आयोजित आम सभा में लैंप्स अध्यक्ष नाथू सिंह, मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह, अनार सिंह, राम सिंह सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में समिति व्यवस्थापकों ने सभी उपस्थित किसानों, सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सहकारिता के माध्यम से गांव, किसान और समिति को समृद्ध बनाने का संकल्प दोहराया।