पहले सुरक्षा, फिर सफर’ के संदेश के साथ चला हेलमेट अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 16 जुलाई। सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को कम करने और यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने गुरुवार को शहर में विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 41 वाहन चालकों के चालान बनाए गए। साथ ही लोगों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी देकर हेलमेट पहनने की आवश्यकता समझाई गई।
जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी सलूम्बर के मार्गदर्शन में यातायात शाखा ने मुख्य बस स्टैंड, गणेश घाटी बायपास, जिला कलेक्ट्रेट परिसर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर अभियान संचालित किया। इस दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार चालानी कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने आईएसआई मानक वाले हेलमेट का उपयोग करने, वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों की पालना करने तथा स्वयं के साथ परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
यातायात प्रभारी एएसआई देवी दयाल सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम में हेड कांस्टेबल मयंक कुमार तथा कांस्टेबल महेंद्र सिंह, देवी सिंह, विपुल कुमार और गणेश लाल ने संयुक्त रूप से अभियान को अंजाम दिया। टीम ने प्रवर्तन कार्रवाई के साथ लोगों को समझाइश देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील भी की।
पुलिस का कहना है कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने वाला सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है। इसलिए प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

                विज्ञापन

और पढ़ें

error: Content is protected !!