झल्लारा। ब्लॉक स्तरीय दो दिवसीय ‘पंच गौरव’ कबड्डी प्रतियोगिता का रविवार को रंगारंग समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं ने अपना दमखम दिखाया, जहां महिला वर्ग में बुडेल और पुरुष वर्ग में झरमाल ने खिताबी जीत हासिल कर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा किया। अब दोनों वर्गों की विजेता टीमें आगामी 26 जुलाई को होने वाली जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन महिला और पुरुष दोनों ही वर्गों में बेहद रोमांचक और कांटे के मुकाबले देखने को मिले। महिला वर्ग का फाइनल मैच झरमाल और बुडेल के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने मैदान पर बेहतरीन कौशल और रेडिंग-डिफेंस का मुजाहिरा किया। अंततः बुडेल की टीम विजेता घोषित हुई, जबकि झरमाल को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा। इसी प्रकार पुरुष वर्ग की खिताबी भिड़ंत झरमाल और मोरीला के बीच हुई। सांस रोक देने वाले इस मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए झरमाल ने खिताबी जीत दर्ज की, वहीं मोरीला की टीम उपविजेता रही।
मैच की समाप्ति के बाद भव्य पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धरियावद विधानसभा क्षेत्र के विधायक थावर चन्द डामोर रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता पंचायत समिति झल्लारा के प्रधान धूलीराम मीणा ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक अध्यक्ष (झल्लारा – लसाडिया) महेंद्र सिंह चौहान, विकास अधिकारी खुमाण सिंह चौहान, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (द्वितीय) नेहा जैन और पर्यवेक्षक मनोहर लाल जैन उपस्थित रहे।
समारोह में पंचायत समिति सदस्य रमेश चन्द्र मीणा, आर.पी. केशव लाल मीणा, शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशर सिंह चौहान, ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, और अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक संघ (खण्ड झल्लारा) के अध्यक्ष लक्ष्मण लाल मीणा ने भी शिरकत की।
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मुख्य निर्णायक विनय जोसफ के साथ शारीरिक शिक्षक देवीलाल बुनकर, दिनेश मीणा और लीलावती रोत ने अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस जवान और आपातकालीन सेवाओं के लिए चिकित्सा टीम मुस्तैद रही। बड़ी संख्या में मौजूद खेलप्रेमी ग्रामवासियों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन कन्हैया लाल सरवार ने किया। अंत में अतिथियों द्वारा विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया और जिला स्तरीय टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दी गईं।