ग्रामीण सेवा शिविर बना जनकल्याण का सशक्त माध्यम, एक ही दिन में स्वच्छता, पहचान और कृषि विकास की सौगातशौ चालय प्रोत्साहन राशि, जन्म प्रमाण पत्र और कृषि यंत्र अनुदान से लाभान्वित हुए ग्रामीण, योजनाओं का मिला त्वरित लाभ
सलूंबर, 20 जुलाई।जिले के झल्लारा ब्लॉक की ग्राम पंचायत मांडली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर – “आपकी सेवा, हमारा संकल्प” आमजन के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी मंच साबित हुआ। शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का त्वरित लाभ प्रदान करते हुए प्रशासन ने आमजन को राहत एवं सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में पात्र लाभार्थियों के आवेदन एवं सत्यापन के बाद शौचालय प्रोत्साहन राशि स्वीकृत कर वितरित की गई। इससे ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा खुले में शौच मुक्त, स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन को बढ़ावा मिला। समय पर योजना का लाभ मिलने से ग्रामीणों का शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।
इसी प्रकार शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद जन्म प्रमाण पत्र भी मौके पर जारी किए गए। जन्म प्रमाण पत्र व्यक्ति की प्रथम कानूनी पहचान होने के साथ विद्यालय में प्रवेश, आधार कार्ड, पासपोर्ट, छात्रवृत्ति, सरकारी योजनाओं एवं अन्य शासकीय एवं निजी सेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। मौके पर प्रमाण पत्र मिलने से ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
कृषि विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ग्राम मांडली निवासी किसान देवीलाल पुत्र हीराजी को मल्टी क्रॉप थ्रेशर पर 2.50 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई। आधुनिक कृषि यंत्र मिलने से किसानों को श्रम एवं समय की बचत, उत्पादन लागत में कमी, विभिन्न फसलों की बेहतर थ्रेशिंग तथा आय में वृद्धि का लाभ मिलेगा। यह पहल किसानों को आधुनिक एवं आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में प्रेरित करेगी।
शिविर में विकास अधिकारी खुमाण सिंह चौहान, तहसीलदार देवीसिंह भाभोर, नायब तहसीलदार तुलसीराम मीणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेश जोशी, ग्राम प्रशासन के शिवलाल मीणा तथा कृषि पर्यवेक्षक महेंद्र कुमार डेंडोर सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना ही सुशासन का मूल उद्देश्य है। शिविर में विभिन्न योजनाओं का त्वरित लाभ मिलने पर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की पहल की सराहना की।