सलूम्बर। नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सलूम्बर ने शहर में विरोध-प्रदर्शन किया। आशीर्वाद गार्डन चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मणसिंह राठौड़ ने किया। नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ हुई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने छात्रों के पक्ष में न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की बात कही।
कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला व ब्लॉक पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
संगठन में नई जिम्मेदारियां, चुनावी तैयारियां तेज
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस ने संगठनात्मक पुनर्गठन करते हुए पदाधिकारियों का कार्य विभाजन किया है। विभिन्न पंचायत समितियों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं तथा अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
नगर परिषद चुनाव को देखते हुए महेंद्रसिंह चौहान एडवोकेट को चुनाव प्रभारी बनाया गया है, जबकि गेबीलाल दमावत एडवोकेट और दिनेश जैन एडवोकेट को सहप्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक वार्ड के लिए समन्वयक और सहायक समन्वयक भी तय किए गए हैं।
30 जुलाई को होगी रणनीतिक बैठक
पंचायतीराज एवं नगर परिषद चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस ने 30 जुलाई को सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और विभिन्न प्रभारियों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की जाएगी।