मेघों की मेहरबानी से जयसमंद झील में बढ़ी जलराशि, गोमती-खरका नदियों से हुई पानी की आवक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में मानसून ने एक बार फिर जोरदार वापसी करते हुए गुरुवार को पूरे क्षेत्र को तरबतर कर दिया। देर रात शुरू हुई तेज बारिश का सिलसिला सुबह तक रुक-रुककर जारी रहा। लगातार हुई वर्षा से जयसमंद झील में गोमती और खरका नदियों के माध्यम से करीब एक सेंटीमीटर पानी की आवक दर्ज की गई, जिससे जलस्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो गया।
मेवल-छप्पन क्षेत्र में हुई अच्छी बारिश से लंबे समय से सूखे पड़े नदी-नालों में फिर से पानी बहने लगा। कई ग्रामीण इलाकों में खेतों और सड़कों पर पानी भर गया, जबकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। खेतों में नमी बढ़ने से मक्का, सोयाबीन, उड़द और अन्य फसलों की बढ़वार को गति मिलेगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों और जलाशयों में भी पानी की आवक शुरू होने से जल संकट कम होने की उम्मीद है।

बारिश से मिली राहत, जल स्रोतों में बढ़ी उम्मीद
लगातार हुई बारिश ने जहां आमजन को गर्मी से राहत दी, वहीं जल स्रोतों में पानी की आवक शुरू होने से किसानों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। यदि आगामी दिनों में भी इसी तरह वर्षा होती रही तो जयसमंद झील सहित क्षेत्र के प्रमुख बांधों और तालाबों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!