सलूंबर। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झल्लारा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से 142.5 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक विश्नाराम बिश्नोई के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला एवं वृत्ताधिकारी राजीव राहर के पर्यवेक्षण में झल्लारा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर सूचना एवं सतर्क निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए करणसिंह (38) निवासी भबराना फला, मंडीवाड़ा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 142.5 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण संख्या 169/2026 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
झल्लारा थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह वाघेला, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी भबराना पुंजीलाल, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, कांस्टेबल किरेन्द्र सिंह, कपिल तथा कुशाल सिंह ने कार्रवाई को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।