सलूंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को सलूंबर में कन्या महाविद्यालय के बहुप्रतीक्षित भवन निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने प्रशासन से वन विभाग की आपत्ति का त्वरित समाधान कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने का आग्रह किया।
एबीवीपी ने ज्ञापन में अवगत कराया कि राज्य सरकार द्वारा कन्या महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा निर्माण एजेंसी आर.डी.सी.ओ. को कार्यादेश भी जारी हो चुका है। इसके बावजूद प्रस्तावित भूमि को वन क्षेत्र बताते हुए वन विभाग द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई है, जिसके चलते भवन निर्माण कार्य लंबे समय से अटका हुआ है।
परिषद ने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण में हो रही देरी से क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही ज्ञापन में हाड़ा रानी महाविद्यालय के लिंक रोड की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। परिषद ने बताया कि लिंक रोड की बदहाल स्थिति के कारण छात्राओं को प्रतिदिन आवागमन में परेशानी हो रही है, जिसका शीघ्र समाधान आवश्यक है।
यह ज्ञापन नगर मंत्री रोहित राज सिंह शक्तावत के नेतृत्व में सौंपा गया। इस अवसर पर प्रांत कार्यकारिणी सदस्य खुशाल शर्मा, पूर्व जिला संयोजक गणपत जोशी, नगर सह मंत्री प्रद्युम्न सिंह, महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष सावंत टेलर, इकाई सचिव पूजा गोस्वामी, उपाध्यक्ष सागर मेहता सहित हैतल टेलर, लक्षिता गर्ग, रमेश, जयराज, गजेन्द्र सिंह, हितेश, ध्रुव, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि छात्राओं के हित में कन्या महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ नहीं किया गया, तो संगठन को आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।