सलूम्बर। जावद स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन की निर्माण गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों द्वारा उठाई गई शिकायत पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त जांच समिति का गठन कर सात दिन में विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय भवन के निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता पर मौखिक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद जिला कलक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्यालय परिसर का निरीक्षण कराया, जिसमें सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमियां भी सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन के पीछे पहाड़ी का मलबा गिरा हुआ मिला, जिससे भविष्य में दुर्घटना की आशंका जताई गई। वहीं विद्यालय के मुख्य प्रवेश क्षेत्र में समतलीकरण नहीं होने से विद्यार्थियों और आमजन के आवागमन में परेशानी की स्थिति भी पाई गई।
प्रकरण की निष्पक्ष और तकनीकी जांच के लिए गठित समिति में उपखंड अधिकारी सराड़ा को अध्यक्ष तथा विकास अधिकारी जयसमंद और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जयसमंद को सदस्य बनाया गया है। समिति को निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की गई सामग्री, तकनीकी मानकों तथा सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं की गहन जांच कर सात दिनों के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलक्टर ने समग्र शिक्षा अभियान के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।