सलूम्बर,30जून। ग्राम पंचायत पलोदड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर कई परिवारों के लिए राहत लेकर आया। वर्षों से लंबित भूमि बंटवारे के मामले का राजस्व विभाग ने शिविर के दौरान आपसी सहमति से निस्तारण कर दिया। इससे लंबे समय से विवाद में उलझे परिवारों को उनके हिस्से की भूमि का अधिकार मिल गया।
शिविर में प्रशासन की मौजूदगी में सभी संबंधित पक्षों से चर्चा की गई। सहमति बनने के बाद मौके पर ही भूमि का सीमांकन एवं बंटवारे की प्रक्रिया पूरी कराई गई। कार्रवाई से कचरू लाल, जीवंली, प्रकाश, भीमा, मीठू, मीरकी, लक्ष्मी, वाला सहित अन्य लाभार्थियों को राहत मिली। लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद समाप्त होने पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।
शिविर प्रभारी एवं पंचायत समिति जयसमंद के विकास अधिकारी दयाचंद यादव ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में राजस्व विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर इस प्रकरण का निस्तारण कर लाभार्थियों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाया।
शिविर के दौरान नायब तहसीलदार तुलसीराम मीणा, बीसीएमओ डॉ. मनीष पाठक, ग्राम विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से वर्षों से लंबित मामलों का समाधान संभव हो रहा है और लोगों का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है।