सलूम्बर जिला बेड़ावल। आज दिनांक 28 नवंबर 2025 को अटल सेवा केंद्र बेड़ावल में महिला हिंसा के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लसाडिया ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों के 19 गांवों से 40 महिलाओं और 12 पुरुषों सहित कुल 52 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में वसुधा विकास संस्थान से गोपीलाल राव, कौशिक कुमार सालवी, मेघराज मीणा, गौतम लाल मीणा, नारायण लाल मीणा तथा प्रशिक्षणकर्ता पायल जैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत संगीत प्रस्तुति से हुई। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने अपना परिचय दिया और कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षणकर्ता पायल जैन द्वारा महिला हिंसा, डिजिटल सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
16 दिवसीय महिला सक्रियता एवं सशक्तिकरण अभियान
कार्यक्रम में 16 दिवसीय महिला सक्रियता एवं सशक्तिकरण अभियान की पृष्ठभूमि पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बताया गया कि वर्तमान समय में महिलाओं एवं बालिकाओं पर लैंगिक हिंसा, घरेलू हिंसा, दहेज, बलात्कार, शारीरिक शोषण, लिव-इन रिलेशनशिप में अपराध, तथा डिजिटल माध्यमों द्वारा छवि आधारित शोषण जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
सोशल मीडिया, डिजिटल ऐप्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से फर्जी तस्वीरें और वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग की घटनाएं महिलाओं के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं। डिजिटल साक्षरता की कमी, आर्थिक निर्भरता और जागरूकता के अभाव को इसके प्रमुख कारणों में शामिल किया गया।
अभियान के मुख्य लक्ष्य
1. समुदाय में महिला हिंसा के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाना तथा सामूहिक कार्रवाई हेतु मंच उपलब्ध कराना।
2. महिला सुरक्षा को लेकर विभागीय संस्थाओं की जवाबदेही और संवेदनशीलता बढ़ाना।
कार्यक्रम के उद्देश्य
1. क्षेत्र के वी.डी.सी. सदस्यों, युवा कार्यकर्ताओं, संस्थाओं व विभागीय प्रतिनिधियों को घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और डिजिटल हिंसा के प्रति जागरूक करना।
2. महिला सुरक्षा से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों तथा संबंधित संस्थाओं/सेलों की जानकारी प्रदान करना और उनसे जुड़ाव बढ़ाना।
3. स्थानीय स्तर पर महिला हिंसा की रोकथाम हेतु जागरूक महिलाओं की टास्क फोर्स का गठन करना।







