सलूंबर में विकास की बड़ी सौगात: जल व बिजली संरचना को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। विधायक शांता अमृतलाल मीणा ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं—नवीन नल पाइपलाइन और विद्युत अंडरग्राउंड लाइन—का शुभारंभ कर शहरवासियों को नई उम्मीदें दीं।
रावलीपोल के बाहर गांधी मूर्ति स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक मीणा ने दोनों परियोजनाओं की औपचारिक शुरुआत की। इसके साथ ही दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी के सामने निर्मित नई पानी की टंकी का लोकार्पण भी किया गया, जिससे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
PHED की नई पाइपलाइन से साफ व पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, वहीं नई टंकी के शुरू होने से अलग-अलग वार्डों में जलदबाव बढ़ेगा। इससे अक्सर गर्मियों में होने वाली लाइन फूटने की समस्या में कमी आने की उम्मीद जताई गई है और जल वितरण अब अधिक सुचारू रहेगा।
दूसरी ओर, बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अंडरग्राउंड लाइन परियोजना शुरू की गई है। इससे बार-बार होने वाली विद्युत कटौती और तारों की टूट-फूट की समस्या में राहत मिलेगी। साथ ही, दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी कम होगी, जिससे शहर की बिजली संरचना और अधिक मजबूत बनेगी।
कार्यक्रम में PHED, राजस्थान विद्युत विभाग के अधिकारी, नगर के जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर विधायक मीणा ने कहा कि “सलूंबर को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना हमारा संकल्प है। यह तो सिर्फ शुरुआत है। आगामी समय में हर मूलभूत सुविधा को चरणबद्ध तरीके से उन्नत किया जाएगा।”
इन दोनों परियोजनाओं से सलूंबर शहर में पेयजल और बिजली की व्यवस्था पहले से अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और बेहतर होने की उम्मीद है।

संवाददाता गर्ग

और पढ़ें

error: Content is protected !!