यूरिया खाद खाने से 10 गौवंश अचेत, व्यापारी की लापरवाही से बड़ा हादसा सेमारी।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर जिले के सेमारी कस्बे में एक व्यापारी की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा सामने आया है। गोदाम के बाहर खुले में पड़ा यूरिया खाद खाने से श्रीकृष्ण गोशाला की 10 गौवंश अचेत हो गईं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार कस्बे में व्यापारी कमलेश जैन पुत्र कचरू लाल जैन के गोदाम के बाहर यूरिया खाद खुला पड़ा हुआ था। चरने निकली श्रीकृष्ण गोशाला की गौवंशों ने खाद का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में गौवंशों की तबीयत बिगड़ गई और वे सड़क पर ही गिरकर अचेत हो गईं।
घटना को देखकर आसपास से गुजर रही महिलाओं ने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद कल्याण सिंह शक्तावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर गौशाला संचालक जगपाल जाट मौके पर पहुंचे तथा इमरजेंसी पशु सेवा 1962 को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पशु चिकित्सक डॉ. शिवानी असोड़ा मौके पर पहुंचीं और सभी अचेत गौवंशों का उपचार शुरू किया। डॉ. शिवानी ने बताया कि लगभग 10 गौवंशों ने यूरिया खाद व भूसे का सेवन किया, जिनमें से दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने व्यापारी की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह रासायनिक खाद को खुले में छोड़ना न केवल पशुओं बल्कि आमजन के लिए भी गंभीर खतरा है।
बताया गया है कि इस मामले में गौशाला संचालक द्वारा पुलिस थाने में फिलहाल कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है।

रिपोर्टर जितेन्द्र पंचोली

और पढ़ें

error: Content is protected !!