सलूंबर। जिले के सेमारी कस्बे में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब सिंचाई विभाग की नहर के किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना पर सेमारी थाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर मृतका की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
प्राथमिक जांच में महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पहचान के लिए उदयपुर की मॉर्च्यूरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है तथा आसपास के थानों में भी सूचना प्रसारित की गई है।
फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल सेमारी थाना पुलिस को सूचित करें।