डूंगरपुर- जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के कुशल निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) ने शराब तस्करों के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सटीक मुखबिरी के आधार पर नाकाबंदी कर एक लग्जरी गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, DST टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना बिछीवाड़ा सर्किल क्षेत्र से गाड़ियों में अवैध शराब भरकर गुजरात सीमा पार करवाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए टीम ने रात पालीसोडा तीन रास्ता पर निगरानी और नाकाबंदी शुरू की। इनोवा गाड़ी से बरामद हुई अवैध शराब
नाकाबंदी के दौरान एक इनोवा गाड़ी नम्बर- GJ 04 CJ 7737 आती दिखाई दी। टीम द्वारा वाहन को रोककर जब चालक से पूछताछ की गई, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। गाड़ी की सघन तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न ब्रांड के कुल 81 कार्टन अवैध शराब पाई गई।
पुलिस ने शराब सहित वाहन को जब्त कर आरोपी केसाराम उर्फ किशन सिंह जाट निवासी पुलिस थाना चौहटन, जिला बाड़मेर को डिटेन किया है। आगामी कानूनी कार्रवाई हेतु आरोपी और माल को पुलिस थाना बिछीवाड़ा के सुपुर्द किया गया है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
DST टीम- मोहनपाल सिंह हेड कानि., मगन, आशीष, जितेन्द्र,गौरव, जितेन्द्र कानि.
थाना बिछीवाड़ा -गोविन्द सिंह हेड कानि.
पुलिस ने अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 8690180022 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।