सलूंबर झल्लारा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत आमलवा में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां 18 वर्षीय एक छात्र का शव घर के बाहर पेड़ पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक हीरालाल मीणा (18), पुत्र मोतीलाल मीणा, कक्षा 11वीं का छात्र था और परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। गुरुवार रात वह अपने कमरे में सोने गया था, लेकिन देर रात किसी समय उसने घर के बाहर पेड़ पर फंदा लगा लिया।
सुबह जब परिजन जागे और बाहर निकले तो युवक को पेड़ पर लटका देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही भबराना पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल सलूंबर भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल युवक के इस कदम के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों और उसके परिचितों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी है।