छात्र समस्याओं को लेकर उग्र प्रदर्शन: 7 दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो तालाबंदी की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर | क्षेत्र के प्रतिष्ठित राजकीय हाड़ा रानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और छात्र समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्राचार्य का घेराव किया और 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कुछ शिक्षकों के व्यवहार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि शिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं से अपमानजनक भाषा में बात की जाती है और उनके चरित्र पर सवाल उठाए जाते हैं। साथ ही एक शिक्षक पर विद्यार्थियों के साथ बदतमीजी करने के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। छात्रों ने कहा कि ऐसा व्यवहार शैक्षणिक माहौल को दूषित कर रहा है।
ज्ञापन में छात्रों ने कॉलेज की कई बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। छात्राओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि कॉलेज में स्वच्छ शौचालय और ‘गर्ल्स कॉमन रूम’ की उचित व्यवस्था नहीं है। वहीं, पार्किंग गेट के पास बंद पड़े शौचालयों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
इसके अलावा छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ शिक्षक विद्यार्थियों को कम अंक देने की धमकी देते हैं और जनजाति क्षेत्र से आने वाले छात्रों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। कॉलेज परिसर में बिजली के खुले तार, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे और गंदे वाटर कूलर जैसी समस्याएं भी उजागर की गईं। वहीं, ऑडिटोरियम का उपयोग पार्किंग के रूप में किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई।
प्रदर्शन में जिला समिति सदस्य खुशाल, नगर मंत्री रोहित शक्तावत, निखिल भट्ट, सह मंत्री गौरव, प्रधुम्न, भावेश सहित छात्र नेता दीक्षित, हितेश और प्राची सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
एबीवीपी के जिला संयोजक केहित सेवक ने प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो कॉलेज में तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र हितों के लिए परिषद उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!