सलूम्बर में रहस्यमयी बीमारी का कहर गहराया: 2 साल के मासूम हयांश की मौत, इलाके में बढ़ी दहशत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर जिले में बच्चों में फैल रही रहस्यमयी बीमारी थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार हो रही मौतों के बीच अब एक और दर्दनाक खबर सामने आई है। छोटी वीरवा गांव के 2 साल 2 माह के मासूम हयांश पटेल की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हयांश को अपनी मां अपने साथ अपने पीहर मंडली ले कर गई थी , जहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार पहले बच्चे का बीपी काफी असामान्य स्तर तक पहुंच गया था और इसके बाद उसे उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई।
हालत बिगड़ने पर परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। इस अचानक हुई मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
गौरतलब है कि सलूम्बर जिले के विभिन्न गांवों में पिछले कुछ दिनों से बच्चों में बुखार, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं, जिससे कई मासूमों की जान जा चुकी है। अब छोटी वीरवा में हुई इस घटना ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
स्थानीय लोगों में इस बीमारी को लेकर भय का माहौल है और ग्रामीण लगातार प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम भेजी जाए और स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं।
लगातार हो रही मासूमों की मौतों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अब जरूरत है त्वरित कार्रवाई और विशेषज्ञ जांच की, ताकि इस रहस्यमयी बीमारी पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके।

रिपोर्टर नाथू लाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!