जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान: आज ब्लॉक मुख्यालयों पर लगेंगे अटल जन सेवा शिविर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलुम्बर,  जिले में 09 अप्रैल। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर अटल जन सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे और मौके पर ही उनका निस्तारण करने का प्रयास करेंगे।
जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहे इन शिविरों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आमजन को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और अधिकतम समस्याओं का समाधान शिविर स्थल पर ही सुनिश्चित किया जाए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने सभी विभागों के अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और प्राप्त प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे समस्याओं का समाधान तेज़ी से हो सके।
शिविरों के दौरान राज्य स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी संवाद किया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी ब्लॉकों को जोड़ा गया है, जबकि जिला कलक्टर सराड़ा ब्लॉक से वीसी के जरिए जुड़े रहेंगे। प्रशासन द्वारा शिविरों को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस पहल से आमजन को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में यह कदम अहम माना जा रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!