सलूंबर। जिला कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को याद किया और संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रूपलाल मेघवाल ने माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अपने संबोधन में मेहता ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि हर नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का जीवंत मार्गदर्शक है, जो राष्ट्र को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की जा रही है। विशेष रूप से पंचायती राज चुनावों को लेकर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस प्रकार के निर्णय लोकतंत्र की भावना के विपरीत हैं और बाबा साहेब के सिद्धांतों के खिलाफ हैं।
इस दौरान रूपलाल मेघवाल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग तक बाबा साहेब के संदेश को पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे संविधान में मिले अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहें, ताकि किसी भी प्रकार की तानाशाही प्रवृत्ति को रोका जा सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर लक्ष्मणसिंह राठौड़, महेंद्र सिंह चौहान, जगदीश भंडारी, कन्हैयालाल मेहता, सुनील सेवक, नारायण भोई, अब्दुल रऊफ खान, महेंद्र सिंह राठौड़, नारायणजी मालपुर, गजेंद्र मेहता, इरशाद खान (बबलू भाई), रोहित भट्ट, देवीलाल घाटी, प्रकाश जोशी, डॉ. जगदीश, गंगाराम मेहता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलकर समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।