संगठन सृजन अभियान’ को लेकर कांग्रेस की बैठक, ओबीसी प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी के गठन पर हुई चर्चा।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झल्लारा/​सलूम्बर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश ओबीसी प्रकोष्ठ के दिशा-निर्देशानुसार रविवार को सलूम्बर जिला कांग्रेस मुख्यालय पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत आगामी कार्ययोजना और ओबीसी प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

​बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधानसभा सह-प्रभारी मनोज लबाना ने ओबीसी जिलाध्यक्ष पूंजालाल टापर के साथ जिला कमेटी और स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान सह-प्रभारी लबाना ने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती के लिए ‘संगठन सृजन अभियान’ बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि ओबीसी प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी का गठन करते समय केवल उन्हीं व्यक्तियों को जिम्मेदारी दी जाए जो पूरी तरह कर्मठ और संगठन के प्रति समर्पित हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देना ही पार्टी की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
​बैठक के दौरान जिला प्रवक्ता गजेंद्र मेहता ने संगठन की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए सह-प्रभारी के समक्ष एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। मेहता ने निवेदन किया कि संगठन में वर्तमान में जो पदाधिकारी निष्क्रिय हैं, उनके स्थान पर सक्रिय और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की नई नियुक्तियां की जाएं। उन्होंने मांग की कि इन प्रस्तावित नामों की घोषणा समयबद्ध तरीके से की जाए ताकि आगामी चुनावों और पार्टी के कार्यक्रमों में गति लाई जा सके। सह-प्रभारी मनोज लबाना ने इस सुझाव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द ही घोषणा करने का आश्वासन दिया।

​ओबीसी जिलाध्यक्ष पूंजालाल टापर ने प्रदेश नेतृत्व को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर एक मजबूत और समावेशी कार्यकारिणी तैयार कर प्रस्तुत कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि टीम में हर वर्ग और क्षेत्र का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।

​इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष विरेन्द्र कुमार पटेल, जिला संगठन महासचिव गणेश मेहता, लसाड़िया ब्लॉक अध्यक्ष महेन्द्र सिंह चौहान, डूंगरपुर चिकित्सक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष डॉ. गोविंद पटेल, युवा नेता संदीप चौधरी और एडवोकेट सीपी मेहता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर आगामी अभियानों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर नाथू लाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!