जनगणना में मिसाल बने प्रगणक, जिला कलक्टर ने किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जनगणना-2027 के पहले चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकान गणना’ कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगणकों को मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी पी ने बेहतर कार्य करने वाले प्रगणक जसवंत सिंह राठौड़, दिनेश कुमार मीणा तथा सुपरवाइजर भीमराज मीणा को प्रशस्ति पत्र और उपरणा भेंट कर प्रोत्साहित किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने जनगणना कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। जिला कलक्टर ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का कार्य नहीं, बल्कि प्रशासनिक योजनाओं की मजबूत नींव है। इसके लिए फील्ड स्तर पर जिम्मेदारी, समन्वय और टीम भावना बेहद आवश्यक है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ दिनेश राय सापेला ने बताया कि संबंधित टीमों ने क्षेत्र में शत-प्रतिशत स्वगणना सुनिश्चित कर मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि जनगणना कर्मियों की मेहनत से ही सही आंकड़े सामने आ पाएंगे, जिससे भविष्य की योजनाओं को दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की कि वे जनगणना दल को सही और स्पष्ट जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि कार्य निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!