जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में दो स्थाई वारंटी गिरफ्तार, ‘सुदर्शन चक्र 2’ अभियान के तहत अब तक 13 वांटेड डिटेन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झल्लारा/सलूंबर। जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई के निर्देशन में अपराधियों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सराड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए काफी समय से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को उदयपुर से डिटेन करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख के बाद जिले भर में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। सराड़ा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पकड़े गए अभियुक्त अंबालाल पिता प्रभु बंजारा और रामा पिता चतरा बंजारा हैं, जो बंजारा खेड़ा, डबोक के निवासी हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचकर छिप रहे थे। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी उदयपुर के ग्रामीण इलाके में छिपे हुए हैं। इस पर पुलिस टीम ने डबोक क्षेत्र में खेतों के आसपास योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई इस दबिश से आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला और टीम ने दोनों स्थाई वारंटियों को घेराबंदी कर मौके पर ही डिटेन कर लिया। उल्लेखनीय है कि इस महीने जिला पुलिस अधीक्षक महोदय के विशेष निर्देशन में पूरे जिले में ‘अभियान सुदर्शन चक्र 2’ चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों और वांछितों को सलाखों के पीछे पहुंचाना है। इस प्रभावी अभियान के तहत पुलिस अब तक जिले भर के कुल 13 वांटेड अभियुक्तों को डिटेन कर चुकी है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और मजबूत हुई है। इस पूरी कार्रवाई और आरोपियों को दबोचने में सराड़ा थाने की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। कार्रवाई को अंजाम देने वाली इस टीम में सब इंस्पेक्टर (SI) धर्मेंद्र सिंह वाघेला, हेड कांस्टेबल नीरज कुमार पाटीदार, कांस्टेबल भानु प्रताप सिंह, कांस्टेबल विवेक पाटीदार और कांस्टेबल अरविंद सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की इस सजगता और त्वरित कार्रवाई की उच्चाधिकारियों द्वारा भी सराहना की जा रही है और पकड़े गए आरोपियों से अब आगे की कानूनी पूछताछ की जा रही है।

संवाददाता नाथूलाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!