सरणी नदी की सीमाएं हुईं स्पष्ट, 3.5 किमी क्षेत्र का राजस्व विभाग ने किया सीमांकन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिले में सरणी नदी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा राजस्व अभिलेखों के अनुरूप इसकी वास्तविक सीमा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया है। जिला कलक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. के निर्देश पर तहसीलदार मयूर शर्मा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने नदी क्षेत्र का विस्तृत सीमांकन कार्य पूरा किया।
राजस्व अधिकारियों ने त्रिवेणी मठ बनोड़ा से लेकर वेशमा गेट डेम तक नदी के दोनों किनारों का मौके पर निरीक्षण करते हुए सीमाओं का निर्धारण किया। इस दौरान मोरिला पुलिया, सूरजपोल, चुंगी नाका पुलिया, ओजस्वी वाटिका पुलिया तथा लवकुश स्कूल के पीछे के क्षेत्र को भी सीमांकन कार्य में शामिल किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले दस दिनों से लगातार चल रही इस प्रक्रिया के तहत करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे नदी क्षेत्र की राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार पहचान की गई। निर्धारित सीमा को स्थायी रूप से चिह्नित करने के लिए नगर परिषद के प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाकर सीमा रेखा की जानकारी दी गई तथा आवश्यक चिन्हांकन कार्य करने के निर्देश दिए गए।प्रशासन का मानना है कि सीमांकन के बाद नदी क्षेत्र में संभावित अतिक्रमणों पर प्रभावी रोक लगेगी और प्राकृतिक जलधारा के संरक्षण में मदद मिलेगी। पूरे अभियान के दौरान नायब तहसीलदार हरिप्रकाश मीणा के नेतृत्व में राजस्व दल तथा नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सीमांकन पूर्ण होने के बाद नगर परिषद को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए सीमा संबंधी जानकारी सौंप दी गई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!