ग्रामीण सेवा शिविर में महिलाओं को किया जागरूक, सरकारी योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत ग्राम पंचायत ईंटाली खेड़ा में आयोजित जागरूकता शिविर में महिलाओं और बालिकाओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराया गया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग के अधिकारियों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, उड़ान योजना और लाडो प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वन स्टॉप सेंटर की टीम ने भी महिलाओं को संकट की परिस्थितियों में उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में अवगत कराया। टीम ने बताया कि हिंसा या उत्पीड़न की शिकार महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही स्थान पर अस्थायी आवास, चिकित्सकीय सहायता, कानूनी परामर्श, पुलिस सहयोग और मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
शिविर के दौरान बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही महिला अधिकार, लैंगिक समानता और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्प्रभावों पर चर्चा कर उपस्थित महिलाओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की दीपिका चौधरी, अमीषा पटेल तथा साथीन भूरी कुमारी मीणा सहित विभागीय कार्मिक मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!