झल्लारा स्थानीय क्षेत्र में मानवता और सामाजिक एकता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली है। साजनोत/मानपुर निवासी स्वर्गीय हेमराज मीणा का दिनांक 21 जून 2026 को लंबी बीमारी के बाद दुखद निधन हो गया था। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्व. हेमराज मीणा अपने पीछे पत्नी एवं चार छोटे बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं, जो वर्तमान में गहरे आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।
इस कठिन समय और दुख की घड़ी में समाज के लोगों एवं ग्रामवासियों ने एकजुट होकर सच्ची मानवता और सामाजिक एकता का परिचय दिया। पीड़ित परिवार को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से ग्रामीणों और समाज के लोगों ने अपनी स्वेच्छा से आगे आकर आर्थिक सहयोग प्रदान किया है, जिससे परिवार को संबल मिल सके।
अब तक समाज के कुल 53 सहयोगकर्ताओं ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार पीड़ित परिवार को 25136 रु आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस संकटकालीन स्थिति में मिले इस बड़े संबल के लिए पीड़ित परिवार की ओर से सभी सहयोगी भाइयों का हृदय से आभार और हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया गया है।
इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना ही हमारे समाज की सबसे बड़ी ताकत है। इसके साथ ही समाज के वरिष्ठ लोगों ने उन लोगों से भी यथासंभव सहयोग करने की भावुक अपील की है, जिन्होंने अभी तक सहयोग नहीं किया है, ताकि इस बेसहारा परिवार की मदद की जा सके।