सलूम्बर। जिले में वन संपदा की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत झल्लारा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोम-कमला-आम्बा डेम क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान डेम के टापू से अवैध रूप से काटी गई लकड़ी का परिवहन करने में प्रयुक्त जुगाड़ू नाव, लकड़ी से भरा ट्रक जब्त किया गया तथा मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक विश्नाराम बिश्नोई के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला एवं वृत्ताधिकारी राजीव राहर के सुपरविजन में झल्लारा थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में पुलिस और डीएसटी की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार आरोपी डेम के बीच स्थित टापू पर पेड़ों की कटाई कर लकड़ी को ड्रम और लकड़ी के पट्टों से तैयार की गई जुगाड़ू नाव के जरिए किनारे तक लाते थे। इसके बाद लकड़ी को ट्रक में भरकर दूसरे स्थानों पर ले जाया जाता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर पूरी योजना को विफल कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मुस्तकीम (38) निवासी बाहर का शहर, सलूम्बर तथा अमीर मोहम्मद (40) निवासी नानगा, हाल बाहर का शहर, सलूम्बर को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लकड़ी से भरा ट्रक, जुगाड़ू नाव और अन्य सामग्री जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ी करवाई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) तथा राजस्थान वन अधिनियम, 1953 की धारा 41 एवं 42 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है
कि आरोपी लंबे समय से डेम के टापुओं से अवैध रूप से लकड़ी काटकर उसकी तस्करी कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।