सराड़ा। सलूंबर जिले के सराड़ा ब्लॉक में पंच गौरव कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल परिसर में आयोजित दो दिवसीय महिला एवं पुरुष वर्ग की इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। प्रतियोगिता में पहली बार आधुनिक मेट पर कबड्डी मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के नियमों के अनुरूप खेलने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी केदार नारायण चौधरी एवं भाजपा सराड़ा मंडल अध्यक्ष करण जोशी ने पंच गौरव की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सलूंबर की पहचान बने पांच गौरवों में कबड्डी भी महत्वपूर्ण स्थान रखती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिससे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में सराड़ा ब्लॉक की पुरुष वर्ग की 19 तथा महिला वर्ग की 13 टीमों सहित कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन मुकाबला पुरुष वर्ग में उदपुरिया जागीर और सगतड़ा के बीच खेला गया, जिसमें उदपुरिया जागीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज चौबीसा, एसटी मोर्चा अध्यक्ष हजारीलाल, मणिशंकर शर्मा, विजय मंडावत, देवीलाल कुम्हार, प्रशासक मणिलाल, मॉडल स्कूल के प्राचार्य गोपाल पांड्या, सराड़ा स्कूल के प्राचार्य जगदीश जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता संजय सुथार, ग्राम विकास अधिकारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जयनारायण मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा सहित पंचायत समिति क्षेत्र के प्रशासक, ग्राम विकास अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में क्षेत्र के शारीरिक शिक्षकों की सक्रिय भूमिका रही।