होटल-ढाबों में घरेलू गैस मिली तो होगी बड़ी कार्रवाई रसद विभाग का विशेष अभियान, सिलेंडर जब्ती के साथ लाइसेंस निरस्तीकरण की तैयारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 31 जुलाई। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के इस्तेमाल पर अब जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन सहित अन्य व्यवसायिक संस्थानों में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए रसद विभाग की ओर से जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा।
जिला रसद अधिकारी ने व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग तत्काल बंद कर केवल अधिकृत कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जाए। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रियायती दर पर उपलब्ध कराए जाने वाले सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
जांच में पकड़े गए तो मौके पर जब्ती
अभियान के दौरान रसद विभाग की टीमें होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन समेत ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी, जहां एलपीजी का व्यावसायिक उपयोग होता है। निरीक्षण के दौरान घरेलू सिलेंडर मिलने पर उसे जब्त कर संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सिर्फ जुर्माना नहीं, लाइसेंस पर भी संकट
विभाग ने साफ किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों पर केवल दंडात्मक कार्रवाई तक मामला सीमित नहीं रहेगा। गंभीर या बार-बार उल्लंघन सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठान का व्यापारिक लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा भी संबंधित विभाग को भेजी जा सकती है।
शिकायत मिलने पर होगी जांच
रसद विभाग ने जिले के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से नियमों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की है। वहीं आमजन से भी आग्रह किया गया है कि यदि किसी होटल, ढाबे या अन्य व्यावसायिक स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल दिखाई दे तो इसकी सूचना रसद विभाग अथवा जिला प्रशासन को दें। शिकायत के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नियमों की अनदेखी पड़ी भारी तो सिलेंडर भी जाएगा और लाइसेंस पर भी आ सकती है आंच।

और पढ़ें

error: Content is protected !!