सलूंबर। ग्राम पंचायत बामणिया के गुड गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। भवन की दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं और स्थिति ऐसी है कि यहां आने वाले नौनिहालों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फटी दीवारों के कारण बच्चों को बैठने में परेशानी होती है।

बारिश होते ही बच्चों को नहीं बुलाया जाता
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दिनों में भवन की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। बारिश के दौरान बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र पर नहीं बुलाया जाता, जिससे बच्चों की नियमित गतिविधियां और पढ़ाई प्रभावित होती है। आंगनबाड़ी भवन की छत और दीवारों की स्थिति को देखकर हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
सहायिका ने बताई भवन की खराब स्थिति

आंगनबाड़ी सहायिका ने बताया कि भवन की हालत बेहद खराब है। दीवारें फट चुकी हैं और भवन कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकता है। ऐसी स्थिति में बच्चों को भवन में बैठाना जोखिम भरा है। बारिश के दौरान समस्या और बढ़ जाती है।
मासूमों की सुरक्षा पर उठे सवाल
आंगनबाड़ी केंद्र में छोटे-छोटे बच्चे आते हैं। ऐसे में जर्जर भवन में बच्चों को बैठाना उनकी सुरक्षा के साथ बड़ा जोखिम माना जा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से आंगनबाड़ी भवन का जल्द निरीक्षण करवाकर मरम्मत अथवा नए भवन की व्यवस्था करने की मांग की है।









