रात के सन्नाटे में चोरी की कोशिश नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिले के गींगला थाना क्षेत्र में एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे दो युवकों की कोशिश ग्रामीणों की सतर्कता से नाकाम हो गई। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सामतियोंत गांव निवासी महावीर मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जून की रात वह परिवार सहित मकान की छत पर सो रहे थे। तड़के करीब तीन बजे नीचे से आ रही आवाज सुनकर उन्होंने जाकर देखा तो दो युवक घर का ताला तोड़कर अंदर रखी पेटियों के ताले तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इस पर उन्होंने शोर मचाया तो दोनों आरोपी भागने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम नाथु मीणा निवासी दौलपुरा बताया। आरोपी ने अपने साथी की पहचान नाया मीणा निवासी दौलपुरा के रूप में की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लिया। जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गींगला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

कार्रवाई में थानाधिकारी धर्मेन्द्रसिंह वाघेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सन्त कुमार, मोतीलाल, महेन्द्रसिंह, शैलेन्द्र कुमार एवं धर्मेन्द्रसिंह शामिल रहे।

ग्रामीणों की सजगता से टली बड़ी वारदात

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवाज सुनाई नहीं देती तो आरोपी घर में रखे सामान पर हाथ साफ कर सकते थे। ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस की सक्रियता से संभावित चोरी की वारदात टल गई।

और पढ़ें

error: Content is protected !!