सलूम्बर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सलूम्बर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे जिले के टॉप-10 इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से इनाम घोषित था और वह राजस्थान तथा गुजरात में कई आपराधिक मामलों में वांछित बताया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी शिवराम उर्फ शिवा मीणा अपने गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में पहुंच सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी भांपते ही आरोपी वहां से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए सरूपाल क्षेत्र के जंगलों में घेराबंदी की और काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर परसाद कस्बे में एक कार चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक मामलों के कई प्रकरण दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और गुजरात में सक्रिय एक शातिर गिरोह के संपर्क में रहकर वारदातों को अंजाम देता था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।